हमने लैला-मजनूँ, रोमियो-जूलियट, सोहनी-महिवाल, हीर-रांझा के प्रेम के किस्से बहुत सुने...कुछ लोग उसे काल्पनिक भी कहते हैं। लेकिन आज मैं जो प्रेम कथा आपके सामने लाया हूँ वह सत-प्रतिशत सत्य है। प्यार के बड़े-बड़े वादे तो हर कोई करता है... लेकिन जीवनभर साथ निभाने वाले लोग बहुत कम होते हैं।
यह कथा दो ऐसे प्रेमियों की है जिन्होंने देश-दुनिया से दूर रहकर भी उम्रभर एक दूसरे का साथ दिया। यह कथा चीन प्रांत की है। जहाँ पर एक बूढ़े शख्स और बूढ़ी औरत ने दुनिया की परवाह न करते सिर्फ एक-दूसरे के साथ रहकर अपने जीवन के पचास साल व्यतीत कर दिए।
वह दोनों चीन के दक्षिणी चौंगकिंग नगर की जियांगलिन कांउटी में बसी पहाड़ी पर स्थित एक गुफा में रहते थे। वह अपनी बूढ़ी पत्नी से बहुत प्यार करता था। चूँकि वह उससे दस साल बड़ी थी। इसलिए उसने अपना पूरा ध्यान अपनी प्यारी पत्नी की जरूरतों को पूरा करने में दिया।
आज से पचास साल पहले जब वो दोनों यहाँ पर आए थे तब उनके पास न तो कोई खाना था, न बिजली, न घर का कोई सामान। कुछ दिनों तक उन्होंने एक गुफा में रहकर घास और कंदमूल से ही अपना गुजारा किया। बाद में लुई नाम के इस 70 साल के बूढ़े प्रेमी ने अपनी पत्नी शू के लिए केरोसिन लेम्प बनाया और इस प्रकार उनके घर में रोशनी का आगमन हुआ।
दोस्तो, आप सोच रहेंगे कि इसमें ऎसी कौन सी बात है। जो इसे सबसे श्रेष्ठ प्रेम कथा कहा जा रहा है...तो सुनिए इसका जवाब...
आज से पचास साल पहले जब 19 साल के लुई गुओजियांग ने 29 साल की विधवा महिला शू चाओजिन को देखा तो पहली नजर में ही दोनों के बीच में प्यार हो गया।
उन्होंने अपनी शादी की बात अपने परिजनों के सामने रखी तो सभी ने उनका जमकर विरोध किया। शू भी लुई को बहुत चाहती थी। उन दोनों ने अपने परिवार के लोगों को मनाने का बहुत प्रयास किया लेकिन किसी को भी उन दोनों का रिश्ता मान्य नहीं था। आखिर में उन दोनों ने भागकर शादी कर ली और सबसे दूर दक्षिणी चौंगकिंग नगर की जियांगलिन कांउटी में बसी पहाड़ी पर स्थित एक गुफा में जाकर अकले रहने लगे।
शू उम्र में लुई से दस साल बड़ी थी। उसे पहाड़ से अपने घर तक की चढा़ई पार करने में मुश्किल हुई। लुई को यह बात मालूम थी इसलिए उसने यहाँ पर आने के दूसरे दिन से ही पहाड़ को काटकर सीढ़ियाँ बनाना शुरू कर दिया था। यह सिलसिला पचास सालों तक चला। इतने समय में उसने अपनी प्यार पत्नी की सहूलियत के लिए खुद अपने हाथों से लगभग 6 हजार सीढ़ियाँ बनाईं जो आज भी इस पहाड पर हैं।
वर्ष 2001 में इन सीढ़ियों पर साहसिक कार्य करने वाली एक संस्था का ध्यान पड़ा। पहले तो वह लोग यह मानने के लिए तैयार ही नहीं हुए कि इसको किसी एक आदमी ने अपने जीवन के पचास साल देकर खुद अपने हाथों से बनाया है, लेकिन बाद में उन लोगों को इस पर भरोसा हुआ।
एक दिन खेत से घर आने के बाद लुई अचानक ही बेहोश हो गया। यह उसके जीवन का अंतिम समय था। उसका हाथ अपनी पत्नी के हाथ में था। शू उसे देखकर रो रही थी। लुई ने एक प्यारभरी मुस्कान से शू के सामने देखा और फिर धीरे-धीरे उसकी आँखें हमेशा-हमेशा के लिए बंद हो गई।
तुमने मुझसे वादा किया था कि तुम जीवनभर मेरी देखभाल करोगे। तुम तब तक मेरा साथ नहीं छोड़ोगे जब तक मैं इस दुनिया में हूँ। और आज तुम मुझसे पहले ही यह दुनिया छोड़कर जा रहे हो। आखिर तुमने मेरे साथ धोखा किया है। लुई, मैं तुम्हारे बगैर कैसे जी सकूँगी।
उस बूढ़ी़ औरत की आँखों में आँसू थमने का नाम नही ले रहे थे। वह एक काले ताबूत में लिपटी हुई अपने पति की लाश के सामने फूट-फूटकर रो रही थी।
वर्ष 2006 में 'चाइनीज वूमन वीकली ' ने उनके प्यार की इस दास्तान को चीन की सर्वश्रेष्ठ 10 प्रेम कहानियों में से एक के तौर पर प्रदर्शित की। यहाँ की स्थानीय सरकार ने आज भी उस 'प्यार की सीढ़ियों को सुरक्षित रखा है और वह स्थान जहाँ पर यह दोनो प्रेमी रहते थे उसको म्यूजियम में तब्दील किया गया है। यहाँ पर हर दिन कई सारे प्रेमी आते हैं।
06 जून 2011
प्यार की सीढ़ियाँ
Posted by Udit bhargava at 6/06/2011 06:37:00 pm 0 comments
रेत के कणों का मिलन
इराकी कहानी
गरम हवाएँ चल रहीं थीं। आकाश में धूल छा रही थी। एक युवा यात्री रेगिस्तान से गुजर रहा था। उसे रास्तों का भी ठीक से पता नहीं था। रेतीला तूफान इतना तेज था कि उसे अपने घोड़े के कान भी नहीं दिख रहे थे। उसने सोचा मेरे यही ठीक रहेगा कि मैं हवा की दिशा के साथ ही चलूँ। यदि मैं रुकता हूँ तो तेज जहरीली गर्म हवा मेरे फेफड़े ही जला देगी और मेरा शरीर रेत से ढँक जाएगा। और यदि मैं विपरीत दिशा में जाता हूँ तो रास्ता भटक जाऊँगा और मर जाऊँगा।
इसलिए उसने अपने चेहरे को कपड़े से ढँक लिया और हवा की दिशा में चल पड़ा। कुछ समय बाद उसे एक मीनार दिखाई पड़ी। 'आखिर मैंने शैतान हवा से बचने के लिए आश्रय पा ही लिया!' उसने घोड़े सहित मीनार में प्रवेश किया। जब वह अपने चेहरे से रेत झाड़ रहा था तब उसे एक आवाज सुनाई दी-'तुम इंसान हो, जिन्न हो या हवा की शैतानी शक्ति हो?'
युवा यात्री का नाम अली था उसने उत्तर दिया-'मैं मनुष्य हूँ। आप कौन हैं?'अली ने देखा चाँद से चेहरे और गुलाब की पंखड़ी सी नाजुक, लताओं की तरह खूबसूरत लड़की सामने आई। उसे देखते ही अली का मन खिल गया और दिल खो गया। लड़की बोली-'मैं भी मनुष्य हूँ और तूफान में खो गई हूँ। हवा में भटक गई हूँ इस तूफानी मंजर में यहाँ तक आ पहुँची हूँ।'
अली ने उस सुंदरी से कहा-' यहाँ हमें तब तक शरण लेनी पड़ेगी जब तक तूफानी हवा थम नहीं जाती। मुझे अपना नाम तो बताओ।'
'तुम्हें मेरे नाम से क्या मतलब? तुम एक अनजान मुसाफिर हो मुझे तुमसे बात नहीं करनी चाहिए।' अली का मन उस लड़की का नाम जानने को बेताब हो रहा था और उससे ढेर सारी बातें करने का भी हो रहा था। उसने मीनार के दरवाजे से बाहर इशारा करते हुए कहा- 'देखो हवा में रेत के कण ही कण हैं। ऐसी कोई जगह ही नहीं जहाँ रेत के कण न हों।' 'हाँ तुम्हारी बात सही है।' लड़की ने कहा।
'क्या एक रेत के कण को दूसरे रेत के कण से डरना चाहिए? और एक दूसरे के साथ से बचना चाहिए? रेत के कणों को एक दूसरे से डरना ही नहीं चाहिए क्योंकि वो तो हवा के कारण उड़ रहे हैं। मैं और तुम और कुछ नहीं बस रेत के कण हैं जो हवा में साथ उड़ गए हैं। हमें एक दूसरे से डरना नहीं चाहिए और न ही एक दूसरे से बचना चाहिए क्योंकि हमारे भाग्य में यही लिखा था।' युवा लड़की ने सोचा कि अली ठीक ही कह रहा है। उसने शर्माते हुए कहा-'मेरा नाम सलमा है और मेरे पिता का नाम हुसैन है।'
अली और सलमा ने पूरा दिन दिल खोलकर बातें कीं। तूफान अपने तेवर दिखाता रहा पर उन्हें खबर नहीं थी। घंटों बीत गए, शाम हुई और रात ढलने लगी और अली की आँख लग गई। जब अली उठा तो गहरा अँधियारा फैला हुआ था और सलमा का कहीं पता नहीं था। वह मीनार के दरवाजे पर गया, देखा तो हवा बह रही थी पर तूफान थम गया था। उसने सलमा के पैरों के निशान ढूँढने की बहुत कोशिश की लेकिन कुछ भी नजर नहीं आया।
अली बहुत दुःखी हो गया फिर भी वह रोना नहीं चाहता था। उसे चिंता भी हो रही थी कि सलमा कहाँ चली गई। उसने सोचा -'वह अरब की बेटी है और रेगिस्तान में अरब लोग तो रेत के कणों की तरह फैले हुए हैं। रेत केकणों की बात याद आते ही उसे सलमा के साथ गुजारा वक्त याद आ गया, वह और भी बेचैन हो गया। मैं सलमा को कैसे ढूँढ सकूँगा? कितने लोग होंगे जिनका नाम हुसैन होगा और उनकी बेटियों का नाम सलमा होगा। अब मैं क्या करूँ? उसने मुझे बताया भी नहीं कि वो कहाँ रहती है। दो रेत के कण तूफान में मिले और बिछुड़ गए। अब उन्हें फिर से कौन मिलाएगा?'
अली सलमा की तलाश में पागलों की तरह भटकने लगा। जहाँ-तहाँ सलमा के बारे में पूछता। सलमा के विछोह में वह बेहद दुखी हो गया। उसके बाल उलझ गए, कपड़े फट गए दाढ़ी लंबी हो गई। जिस भी गाँव जाता लोगों से एक ही प्रश्न पूछता-'हुसैन यहीं रहते हैं? जिनकी बेटी का नाम सलमा है?' लोग समझते यह आदमी पागल हो गया है और उसका मजाक बनाते- 'कितने लोग होंगे जिनका नाम हुसैन होगा और उनकी बेटी का नाम सलमा होगा। अब हमें क्या पता यह किस सलमा को तलाश कर रहा है?'
अली शहर से शहर और कस्बे से कस्बे घूमता रहा। न तो उसने कोई काम किया न ही कोई व्यवसाय अपनाया, बस वह तो अपने खोए प्यार के बारे में ही सोचता रहता। वह बहुत दुबला हो गया और उसके घोड़े की भी हालत खराब थी। एक दिन जोर की बरसात आई। नदी में पानी नहीं समाया और बाढ़ आ गई। अली और उसका घोड़ा पानी में डूबते-उतराते एक टीले पर चढ़ गए। उसके फेफड़ों में पानी भर गया था और भूख के मारे उसके पेट में खिंचाव हो रहा था। टीले पर पहुँचकर लगा कि अब उसके प्राण गए, उसे बेहोशी आने लगी। लेकिन तभी एक युवा लड़की ने उसके पेट से पानी निकाला और उसके घोड़े को भी खींचकर बचा लिया।
अली ने जब आँखें खोली तो उसके आश्चर्य का ठिकाना न रहा उसे बचाने वाली और कोई नहीं सलमा ही थी। वह अली के चहरे को एकटक देख रही थी। वह मुस्कराई और बोली-'जब रेत के दो कण हवा उड़ा ले जाती है और वही हवा उन्हें जुदा भी करती है। लेकिन जब दो रेत के कण एक दूसरे को पा लेते हैं तो वे हमेशा एक दूसरे के साथ रहते हैं और कभी जुदा नहीं होते!'
Posted by Udit bhargava at 6/06/2011 06:29:00 pm 0 comments
02 जून 2011
जीवन सत्य है या स्वप्न
स्वप्न यानी निद्रा अवस्था में ऐसे दृश्यों को देखना, अनुभव करना और प्रतिक्रिया देना जो हैं नहीं, असत्य हैं, झूठ हैं। इसी तरह के दृश्यों को जाग्रत अवस्था में देखना 'दिवा स्वप्न' कहलाता है। कहने का मतलब है कि हम दो तरीके से स्वप्न देखते हैं, एक बंद आँखों से और दूसरा खुली आँखों से। नींद में जब भी हम स्वप्न देखते हैं तो असत्य होते हुए भी, देखते समय तो सत्य ही मालूम पड़ता है। ऐसा भी नहीं है कि पहली बार देखते हैं फिर भी स्वप्न देखते समय हमें कभी ऐसा भान नहीं हो पाता कि जो हम देख रहे हैं वह असत्य है। प्रश्न यह है कि जाग्रत अवस्था में बाहर हम जो देखते हैं, अनुभव करते हैं, प्रतिक्रया देते हैं, यह जो जन्म से लेकर मृत्यु तक की लंबी यात्रा है कहीं यह भी एक खुली आँख से देखा जाने वाला स्वप्न तो नहीं? क्योंकि आँखें बंद होते ही यह दृश्य भी वैसे ही मिट जाता है जैसे आँखें खुलते ही बंद आँखों से देखा हुआ दृश्य विलीन हो जाता है। इस संबंध में थोड़ा विचार जरूरी है।
यदि हम हमारे जीवन के गुजर चुके समय पर दृष्टि डालें तो सारा घटनाक्रम एक स्वप्न की तरह बासता है। हम यह तर्क दे सकते हैं कि स्वप्न तो रात में क्षणभर का होता है और जीवन 70-80 वर्ष का। लेकिन अगर गहराई से विचार किया जाए तो इस विराट जगत में 70-80 वर्ष भी क्षण भर से अधिक मालूम नहीं पड़ते। वैज्ञानिक कहते हैं कि सूरज को बने कुछ अरब वर्ष हुए हैं और यह इस ब्रह्माण्ड का नया अतिथि है, अभी बच्चा है। आकाश में अनगिनत तारे हैं जो इस तारे से भी पुराने हैं। तो इस विराट समय प्रवाह में 70-80 वर्ष का माँ क्षण भर से अधिक नहीं है।
कहने का तात्पर्य यह है कि जिस दिन यह जीवन स्वप्न मालूम पड़ने लगता है उस दिन से चित्त शांत होने लगता है। हमारी हालत यह है कि हम नींद में स्वप्न को भी सत्य मान कर अशांत हो जाते हैं। जब नींद खुलती है तो दिल के धड़कने तेज मिलाती है। जैसे नींद खुलते ही हम स्वप्न से उत्पन्न हुई अशांति से मुक्त हो जाते हैं वैसे जीवन को स्वप्न जानते ही हमारी एक और निद्रा टूटती है और चित्त शांत हो जाता है। फिर मान-अपमान, रोग-स्वास्थ्य, धन्वैभाव-गरीबी, सफलता-असफलता, सब स्वप्न हो जाते हैं। दरसल सारा तनाव ही इसलिए पैदा होता है कि जीवन हमें बहुत सच्चा मालूम पड़ता है। जीवन से जागते ही अन्दर एक गंभीर शांति अवतरित हो जाती है। यही शांत पगडंडी मार्ग है उन शिखरों का जहाँ सत्य के मंदिर हैं और शांति की पगडंडी पर वहीं चल सकता है जिसको जीवन स्वप्न दिखाई पड़ता है जो इस गहनतम निद्रा से जाग जाता है।
Posted by Udit bhargava at 6/02/2011 06:34:00 pm 0 comments
01 जून 2011
दुःख की उपयोगिता
हमारी दृष्टि और हमारा दृष्टिकोण दुखों और कष्टों से विचलित हो हमें ऐसा विचारने पर मजबूर कर देते हैं। अच्छे और जिम्मेदार माता-पिता भी अपने बच्चों को उसी तरह कष्ट और दुःख में डाल देते हैं जिस तरह वह परमपिता परमात्मा अपने दुनियाभर के बच्चों को कष्ट और दुःख देता है। बच्चे अगर कुछ गलत कार्य करने को अग्रसर होते हैं या कार्य कर देते हैं तो माता-पिता उन्हें डांटते ही नहीं मारते भी हैं। बच्चों की सुरक्षा, उनका समुचित विकास, उनके जीवन को सही दिशा देने और उनके भविष्य को सुनिश्चित रूप से सुखी और सम्पन्न बनाने के लिये माता-पिता को अपने बच्चों को कष्ट और दुःख में डालना ही पड़ता है। क्या इसका अर्थ यह होगा कि वे माता-पिता हैं ही नहीं या वे शैतान हैं, कदापि नहीं। ऐसे ही परम पिता परमात्मा अपने बच्चों को बिना वजह कष्ट या दुःख नहीं देता। यह दुःख या कष्ट हमारे निखार के लिये होता है। यह औषधि रूप होता है और औषधियां तो कडवी ही होती हैं। जैसे एक स्वर्णकार जब सोने को आग में तपाता है तो उसका यह कष्ट ही उसे निखार कर इस योग्य बना देते हैं कि वह वस्त्र बन किसी सम्राट के अंग जा लगता है। दरअसल दुःख और कष्ट के बिना कोई भी निखरता नहीं।
जिस कष्ट या दुःख को हम सहना नहीं चाहते और अस्वीकार कर देते हैं वह हमारे जीवन को तोड़ने लगता है जिस कष्ट या दुःख को हम स्वीकार कर लेते हैं, अंगीकार कर लेते हैं उससे हमारा जीवन निर्मित होने लगता है यानी कष्टों या दुखों को स्वीकारने से वे कष्ट या दुःख, जो हमारा विध्वंस कर सकते थे, सृजनात्मक हो जाते है। हमारे जीवन के कष्टों एवं दुखों का सकारात्मक उपयोग(स्वीकार) कर परमपिता में असीम श्रद्धा रखते हुए हमें धैर्य और साहस के साथ जीवन पथ पर आगे बढ़ते रहना चाहिए ताकि सोने और कपास की तरह हम भी अपने आप को निखार कर इस दुनिया में अपनी उपयोगिता और श्रेष्ठा सिद्ध कर सकें। इस सन्दर्भ में वृन्द्कवि कहते हैं।
ज्यों ज्यों कंचन तैये, त्यों-त्यों निर्मल जान॥
Labels: ज्ञान- धारा
Posted by Udit bhargava at 6/01/2011 10:17:00 pm 1 comments
25 मई 2011
शहरों में अपनी सुरक्षा खुद करती हैं युवतियां
सुरभि ने जब मेरठ छोड़ा तो उसे दिल्ली जैसे बड़े शहर में कोई दिक्कत नहीं हुई। अपने शहर में उसने पढाई पूरी की और दिल्ली आते ही काम करना शुरू कर दिया। उसने कुछ अच्छे दोस्त भी बना लिये। सुरभि का माना है कि आपकी सुरक्षा आपके हाथ में है। इसके लिये जरूरी है कि आप हाँस्टल या घर से निकलते ही मोबाइल आन रखें। हमेशा सतर्क रहें। किसी भी बस में अकेले सफर न करें। ऑटो लें तो उसका नंबर नोट कर लें। जरूरत पड़ने पर पुलिस को काँल कर सकती हैं। पार्क में या सुनसान जगह साथी के साथ भी न बैठें। अनजान जगह अकेले जाने से बचें।
Posted by Udit bhargava at 5/25/2011 08:46:00 pm 0 comments
क्यों जरूरी है तीर्थ यात्रा?
यह सच है कि तीर्थ का संबंध आध्यात्मिक एवं पावन स्थल से है फिर वह किसी मन्दिर, नदी, घाट आदि किसी भी रूप में क्यों न हो, किसी भी धर्म, जाती एवं देश का क्यों न हो। लोग उन स्थानों पर जाकर स्वयं को धन्य करते हैं, स्नान करते हैं या अपने इष्ट के स्थल के दर्शन करते हैं। ऐसे स्थालों पर लोग दान-पुण्य भी करते हैं। इन सब के पीछे उनकी एक ही धारणा होती है और वह है पापों से मुक्ति, जन्मों के बंधन से छुटकारा या फिर अपने इस जीवन को धन्य बनाना। परन्तु इन कारणों के अलावा भी अनेक कारण हैं जिसके लिये तीर्थ यात्रा जरूरी ही नहीं हितकारी भी है।
ऊर्जा का केंद्र
अक्सर मन में यह सवाल उठता है कि भगवान तो सब में सब जगह व्याप्त है शरीर में भी, घर में भी और मन्दिर में भी। फिर तीर्थ क्यों जाएं? जिस तरह घर के हर कमरे का अपना अलग महत्वा है उसी तरह धरती पर हर स्थल का भी अपना महत्व है। क्या आपने कभी सोचा है कि हम रसोई में क्यों नहीं नहाते? या स्नानघर में खाना क्यों नहीं खाते? और जब भगवान् सब जगह सब में व्याप्त है तो फिर मन्दिर में क्यों जाते हैं? क्योंकि जहाँ हम अपना नित्य कर्म करते हैं वहां उसी तरह के भाव, सुगंध, तरंग एवं ऊर्जा आदि प्रवाहित होने लगती है। जो हमने रूपांतरित करने में हमारी मदद करती है। इसीलिये जो ऊर्जा तीर्थ स्थलों पर बहती है वह अन्य स्थानों से अधिक प्रभावशाली एवं पवित्र होती है। यही कारण है कि ऐसे स्थलों पर हजार भक्तों एवं श्रद्धालुओं के मन स्वतः ही मंत्र मुग्ध हो जाते हैं। वहां का नजारा, भजन-कीर्तन में डूबे लोग शहरी दुनिया से दूर मन में अध्यात्मिक शक्ति का संचार करते हैं जिससे मन हल्का एवं तनाव मुक्त होने लगता है।
स्वास्थ्यवर्धक
तीर्थ यात्रा स्वास्थ्य की दृष्टि से भेए हितकारी होती है क्योंकि जहाँ पर भी तीर्थ है वहां का वातावरण एकदम स्वच्छ एवं सुरमय होता है। वहां की वनस्पति आँखों को राहत एवं ठंडक देती है। लगातार चलते एवं सीढियां चढ़ने-उतरने से तथा भजन-कीर्तन में तालियों के साथ गाने से हथेली एवं तलवों पर दवाव पड़ता है जिसे एक्यूप्रेशर कहा jaaटा है जिससे कई रोग दूर होते हैं. saatvik भोजन evm fala
Posted by Udit bhargava at 5/25/2011 06:00:00 pm 0 comments
24 मई 2011
अहम को न बनाएं अहम
अनिरूद्ध की बात सुनकर दीक्षा सकते में आ गई। उसने कहा, 'अनिरूद्ध तुम्हें क्या हो गया है? मैं और आप अलग तो नहीं हैं न, अरे आपको तो खुश होना चाहिए और आप....।'
'बस, अपनी फालतू की बातों से मेरा दिमाग मत खाऊ। तुम्हें क्या लगता है कि मैं अंधा हूँ, मुझे दिखाई नहीं देता कि तुम आँफिस में कैसे रहती हो। हर किसी से जब हंसकर बात करोगी तो सब तो तुम्हें पूछेंगे ही। अनिरूद्ध ने फिर गुस्से में कहा। 'अनिरूद्ध मुझे नहीं समझ में आता कि आपको मुझसे अब क्या परेशानी हो गई। पहले तो ऐसा कुछ नहीं था, तब तो मेरी सारी खुशियाँ आपकी थी, पर अब...। दीक्षा की बात को बीच में काटते हुए अनिरूद्ध बोला, पहले क्या था वे भूल जाओ, अब क्या है वो देखो। तुम चाहती हो कि मैं हमेशा तुमसे नीचे रहूँ, तभी तो आँफिस में भी रौब दिखाती हो, अब तो और ज्यादा दिखाओगी, क्योंकि अब प्रमोशन के साथ सैलरी भी बढी है।' बस अनिरूद्ध बहुत हो गया, अब शांत हो जाओ। मैं कुछ नहीं बोल रही हूँ और तुम हो कि अनापशनाप बोलते चले जा रही हो।' दीक्षा ने गुस्से में कहा। 'हाँ अब तो मेरी बात तुम्हें बेकार लगेगी ही।' अनिरूद्ध बोला। 'प्लीज शांत हो जाओ अनिरूद्ध, मैं बात को बढ़ाना नहीं चाहती। प्लीज चुप रहो।' दीक्षा ने कहा। 'दीक्षा एक बात कान खोलकर सुन लो, अगर तुम्हें रहना है तो मेरे हिसाब से रहो नहीं तो अभे और इसी वक्त घर छोड़कर चली जाओ।' अनिरूद्ध की यह बात सुनकर दीक्षा के पैरो तले जमीन सरक गई, उसने रोते हुए अनिरूद्ध से कहा, 'अनिरूद्ध ये आप क्या कह रहे हो, इतनी सी बात को इतना बड़ा क्यों बना रहे हो। मैं कहीं नहीं जाऊंगी। दीक्षा का इतना बोलना था कि अनिरूद्ध ने एक थप्पड़ दीक्षा के गाल पर मारा और बोला, 'ये मेरा घर है, सो प्लीज यू कैन गो।' इतना कहकर अनिरूद्ध दूसरे कमरे में चला गया और दीक्षा रोते-रोते बेडरूम में चली गई।
शादी के बाद हर पति-पत्नी के बीच छोटी-मोती नोंक-झोंक होती रहती है और यह जरूरी भी होता है क्योंकि प्यार में जब तक तकरार नहीं होती तो प्यार कैसे बढेगा। पर जब पति-पत्नी के बीच प्यार में इगो यानी अहम् आ जाता है तो हल्की-फुलकी लड़ाई भी बड़ा रूप ले लेती है। क्योंकि यह एक ऐसी भावना है, जो अपनी संतुष्टि के लिये दूसरों को नीचा दिखाने से नहीं चूकती। काउंसलर प्रांजलि मल्होत्रा कहती है, 'तेजी से बदलते समय के साथ जीवन के हर क्षेत्र में स्थापित मूल्यों के अर्थ बदल रहे हैं। कल तक महिलाओं के लिये घर की चारदीवारी से बाहर निकलना मुश्किल था, पर आज की स्त्रियाँ पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। यही उच्चता या श्रेष्ठता की भावना स्त्रियों में इगो उत्पन्न कर देती है, जिसको पुरूष प्रधान समाज स्वीकार नहीं कर पाता। वहीं मैरिज काउंसलर रिंकू कहती है, 'आज फेमिनिज्म का ज़माना है। महिलाएं पुरुषों के वर्चस्व को चुनौती दे रही हैं, जिसका असर वैवाहिक जीवन में पड़ रहा है। आज के जमाने में भी घर के सारे कार्यों के लिये पत्नी को जवाबदेह माना जाता है और यदि कोई गलती होती है तो पत्नी को ही दोषी माना जाता है। पर यदि दोनों स्वरूपों के यथार्थ को समझा जाए तो पति-पत्नी के बीच अहम् का अवसर ही नहीं आएगा। आजकल स्थिति बहुत प्रतिकूल हो चली है। पति-पत्नी आज समझौते के लिये पहल करने से पहले इगो को पहले रखते हैं, जिसका परिणाम यह हो रहा है कि रिश्ता मजबूत बनने से पहले ही टूट जाता है।'
* अगर आप दोनों के परिवार के किसी अन्य सदस्य को अक्षमता व कमजोरी का ज्ञान आप दोनों को है तो उसका जिक्र बाहर वालों के सामने न करें और न ही उसका मजाक उडाएं।
* पति-पत्नी दोनों एक-दूसरे के पूरक होते हैं, इसलिए एक-दूसरे की सफलता को अलग दृष्टि से नहीं देखना चाहिए।
* अगर दोनों के बीच लड़ाई हो गई है तो पहल करने की कोशिश करें। ये बात दिल से निकाल फेंकें कि हम क्यों पहले पहल करें।
* भूल से अगर कोई गलती हो गई है तो उस गलती को स्वीकारें न की गुस्सा होकर गलती को छुपाने की कोशिश करें।
* किसी भी बात को लंबा खींचना के लिये बहस न करें, बल्कि कोशिश करें कि बहस से बचें।
* एक दूसरे पर आरोप लगाने से पहले परेशानियों को समझें, उसके बाद ही कोई बात कहें।
* यदि किसी बात पर आपसी मतभेद हो गया है और दोनों में कोई भी बदलने को तैयार नहीं है तो इसे अपनी प्रतिष्ठा का मुद्दा न बनाएं।
* अपनी सफलता का श्रेय अपनी पत्नी को देना कभी न भूलें, क्योंकि वह आपकी जीवन संगिनी है।
* कितनी भी नाराजगी क्यों न हो कभी भी बातचीत बंद न करें, बल्कि इस सिलसिले को बनाए रखें।
* हमेशा ध्यान रखें कि इगो प्यार का दुश्मन है, इससे मसले सुलझते नहीं और भी उलझ जाते हैं। अतः जीवन में मधुरता व सहनशीलता के गुण अपनाएं।
Posted by Udit bhargava at 5/24/2011 05:25:00 pm 2 comments


एक टिप्पणी भेजें