15 मई 2011

भगवान् महावीर

भगवान महावीर का जन्म चैत्र शुक्ल त्रयोदशी के दिन बिहार प्रदेश में हुआ था। हम सभी जानते हैं कि वह जैन धर्म के चौबीसवें और अंतिम तीर्थंकर थे। समस्त राजपाट छोड़कर आत्मा की अनुभूति और मोक्ष प्राप्त करने के लिए उन्होंने मार्ग कृष्ण दशमी को दिगंबर दीक्षा ग्रहण की और वैशाख शुक्ल दशमी को पूर्ण ज्ञान प्राप्त किया।

उन्होंने आत्मकल्याण की दृष्टि से तीन सिद्धांतों अनेकांत, अहिंसा और अपरिग्रह का प्रतिपादन किया। इनमें उनका अनेकांत दर्शन एक ऐसा सिद्धांत है, जिससे विश्व की समस्त प्रमुख समस्याओं के समाधान संभव है।

अनेकांत सिद्धांत विश्व को भगवान महावीर की मौलिक देन है। किसी भी वस्तु के स्वरूप की विवेचना के संदर्भ में भारतीय दर्शन के समन्वयात्मक पक्ष का अनुशीलन करते समय सभी का ध्यान इस सिद्धांत की ओर जाता है। भगवान महावीर ने इसे अनेकांतवाद की संज्ञा से प्रतिष्ठापित किया है।

सत्य को समझने में अनेकांत बहुत सहायक है। विशिष्ट और सूक्ष्म तथ्यों को समझने के लिए इस सिद्धांत की आवश्यकता न सिर्फ अध्यात्मशास्त्र को होती है, बल्कि जीवन व्यवहार शास्त्र में भी अनेकांत की स्थान-स्थान पर आवश्यकता होती है। व्यावहारिक जीवन में इस प्रकार केअनेकांतमयी दृष्टिकोण का लाभ बहुत है। समय की कमी है, धन की कमी है, साधनों की कमी है आदि बंधन हम अपने जीवन में इतने अधिक मान लेते हैं कि हम इन कमियों से जकड़ा हुआ-सा अनुभव करते हैं।

कभी विपरीत रूप से भी विचार किया जाना चाहिए कि हमारे पास कितना समय है या कितना धन या साधन है। ज्यों-ज्यों हम इस दिशा में सोचना शुरू करेंगे, हमें लग सकता है कि आगे बढ़ने, प्रसन्न रहने और सत्कार्य करने केलिए हमारे पास बहुत कुछ है। आज के मनोवैज्ञानिक कई समस्याओं को इसी सिद्धांत के जरिए हल करते हैं।

जातिवाद की समस्या पूरे देश में जहर फैलाए हुए है। सारे चुनावी समीकरण इसी आधार पर तय होने लगे हैं। यहां देश और देश का भविष्य मुख्य नहीं है। हममें से ऐसा कोई नहीं सोचता कि जाति के मोह में हम यदि किसी गलत व्यक्ति को नेता चुनते हैं, तो सारा देश बर्बाद हो जाता है। अनेकांत सिद्धांत इस मुद्‌दे पर आग्रही चिंतन प्रस्तुत नहीं करता। इसका चिंतन समग्रता से है, किसी जाति विशेष से नहीं। इसका चिंतन है कि समग्र जातियों का विकास तभी संभव है, जब संपूर्ण देश का विकास हो। हमारी जातिगत अस्मिता अलग है, लेकिन देशगत अस्मिता एक है। यही बात भाषा को लेकर उत्पन्न होती है। अनेकांत सिद्धांत कहता है कि बेशक हम अपनी मातृभाषा ही बोलें, यह हमारा अधिकार है। पर अपनी भाषा दूसरों पर जबरदस्ती थोपना या दूसरी भाषाओं का अपमान करना हमारे अधिकार में नहीं है।

अनेकांत दर्शन वस्तुतः विचार के विकास की चरम रेखा है। इससे वस्तु के उसी स्वरूप का दर्शन होता है, जहां विचार समाप्त हो जाते हैं। जब तक वस्तु स्थिति स्पष्ट नहीं होती, तभी तक विवाद रहता है। केवल एकपक्षीय दृष्टि से चलने वाले विवाद या विचार अनेकांतात्मक वस्तुदर्शन केबाद अपने आप समाप्त हो जाते हैं।

अप्पर

अप्पर यानी पिता। सचमुच तमिलनाडु के भक्तों के पिता की तरह ही हैं अप्पर। उसी समय के एक और महान संत तिरुज्ञान संबंधर ने बचपन में कभी उन्हें देख कर कहा था अप्पर। और मरुलनीक्कियार हो गये अप्पर। कितनी अजीब बात है कि अप्पर के कोई संतान नहीं थी। लेकिन उन्हें सभी अप्पर कह कर पुकारते हैं। वह भोले बाबा के उपासक थे।

बीच में वह जैन धर्म की परिक्रमा भी कर आये थे। लेकिन वे अपने प्रिय शिव शंकर को भुला नहीं पाए। इसीलिए उनकी शरण में वापस लौट आये। उनके आराध्य भगवान शिव को अर्र्पित दो पद:-

यही है वह जगह
जहां भगवान शिव का वास है
देखो, उधर देखो
जिसने मिलन कराया है
चंद्रमा और गंगा के निर्मल जल का-
देखो, उसकी घुंघराली अलकों को देखो
देखो उसे, जो अपनी शरण में
आने वालों के लिए
बन जाता है अमृत
देखो उसे जिसने मिटा दिये
असुरों के वे तीन स्थान
जो लटके हुए थे हवा में
देखो उस प्रभु को देखो
जो भक्तों के लिए वही रूप धर लेता है
जिसकी करते हैं वे पूजा
देखो उसकी ओर देखो जिसने
किया है चारों वेदों का गान
देखो उसे जो छिपा है
वैदिक ऋचाओं और मंत्रों में
वही जो बसा है
समुद्र से घिरे गोकरणम में
सदा और सर्वदा।

मैं आया-नाचता और गाता
प्रभु के गीत,
और कहता रहा-
हे पावन प्रभु! तुम धन्य हो।
मैं उस प्रभु के गीत गाता रहा-
जिसके मस्तक पर है चंद्रमा
करता रहा आराधना उस देवी की
जो है फूल से भी कोमल
जब मैं आइयारु जा रहा था
जहां चक्रधारी भगवान विष्णु
कर रहे थे उस प्रभु की पूजा
मैंने देखा पंछियों के जोड़ों को
आते हुए चुपचाप वहां
और देखा!
प्रभु के पावन चरणों को
ऐसा दृश्य देखा मैंने-
जैसा पहले न देखा था कभी।

आदर्श मानवता के प्रति समर्पित संत कबीर

पोथी पढ़ि-पढ़ि जग मुआ पंडित भया न कोय।
ढाई आखर प्रेम का पढ़ै सो पंडित होय॥

आज से ६०० साल पहले (सन्‌ १३९८) ज्येष्ठ सुदी पूर्णिमा के दिन ब्रह्‌म मुहूर्त में मानवता के मसीहा संत सम्राट सदगुरु कबीर साहिब का अवतरण काशी में लहरतारा नामक स्थान में हुआ था। उनके जन्म के विषय में अलग-अलग धारणाएं हैं, लेकिन इन विभिन्न धारणाओं के पीछे न पड़ते हुए उनके द्वारा स्थापित मानवीय आदर्शों की बात करना ही उचित हो।

भारत एक बहुलवादी देश है। सदियों से यहां अनेक धार्मिक संप्रदायों का सह-अस्तित्व रहा है। यहां विभिन्न धर्मावलंबी एक-दूसरे धर्मों के प्रति सहिष्णुता रखते हुए उन्हें सम्मान देते आए हैं। अपवाद हो सकते हैं, किंतु सामान्य रूप से 'अनेकता में एकता' की भावना भारत में सदैव कायम रही है।

भारत में धर्मों के सह-अस्तित्व का मुख्य कारण सामान्य जन में यह सहचेतना है कि विभिन्न धर्म एक ही परमपिता तक पहुंचने के भिन्न-भिन्न साधन हैं। धर्म-पंथ भले ही अनेक हों, किंतु सभी का लक्ष्य एक है। अनेकता में एकता की समन्वयकारी दृष्टि का सभी धर्मों के संत-महात्माओं ने उपदेश दिए हैं। मुहम्मद, ईसा, नानक, बुद्ध, महावीर, कबीर से लेकर आधुनिक युग में रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, रवीन्द्रनाथ और महात्मा गांधी तक सभी इस विषय में एकमत हैं कि धार्मिक संप्रदाय अनेक हो सकते हैं, किंतु धर्म एक ही है।

कबीर दास जी मूलतः संत थे। कविता तो उनकी वाणी ही थी। इसलिए उन्हें संत कवि भी कहते हैं। निर्गुण भक्ति शाखा के प्रखर व महान संत कबीरदास जी आज के जनमानस को सूफी मत के रहस्यवाद के बहुत निकट हैं, इसलिए विशेषकर भारतीय संत समाज, चाहे वह मुसलिम हो, सिख हो, हिंदू हो या अन्य, सब के सब समान रूप से प्रभावित होकर उनके आदर्श वचनामृत का रसपान करते हैं। कबीर का नाम कबीर दास, कबीर साहब एवं संत कबीर जैसे रूपों में प्रसिद्ध है। यह मध्यकालीन भारत के महापुरुष थे और इनका परिचय, प्रायः इनके जीवनकाल से ही, सफल साधक, भक्त कवि, मत-प्रवर्तक अथवा समाज सुधारक मानकर दिया जाता रहा है। संत कबीरदास के नाम पर कबीर पंथ नामक संप्रदाय भी प्रचलित है। कबीरपंथी लोग इन्हें एक अलौकिक अवतारी पुरुष मानते हैं और इनके संबंध में बहुत सी चमत्कारपूर्ण कथाएं भी सुनी जाती हैं। इनका कोई प्रामाणिक जीवन वृत्त आज तक नहीं मिल सका है, जिस कारण इस विषय में निर्णय करते समय, अधिकतर जनश्रुतियों, ग्रंथों और विविध उल्लेखों तथा इनकी अभी तक उपलब्ध कुछ फुटकल स्थानों के अंतः साक्ष्य का ही सहारा लिया जाता रहा है।

कबीर की सामाजिक चेतना : संतों की आध्यात्मिक परंपरा में सामाजिक चेतना का एक विशेष स्थान होता है। इसलिए कबीर की सामाजिक चेतना का पुट बड़े विस्तार से दिखाई पड़ता है। समाज से नितांत निरपेक्ष भाव की कल्पना संत साहित्य में नहीं है। रुढ़िवादिता जन्य सामाजिक विकारों का निदान कर समाज के नवीन स्वरूप के निर्माण का विधान संतों ने निरंतर किया है, उन संतों में से संत कबीर का स्थान प्रमुख है। उनकी साधना विकास की भूमिका अवश्य है, किंतु उसका सामाजिक मूल्य भी है। इस सामाजिक चेतना स्वर में संत कबीर की वाणी उनकी आत्म संस्करण की धारणा एक मूल्यवान स्वरूप ग्रहण करती है। इसलिए समाज के लिए कबीर की वाणी एक आदर्श शिक्षक के समान है।

दार्शनिक विखंडताओं, सामाजिक वर्गगत जटिलताओं, रूढ़ियों तथा धार्मिक बाह्‌याचारों से त्रस्त जन-साधारण के लिए कबीर ने एक ऐसे वर्गहीन समाज की व्यवस्था का प्रयास किया है जिसमें जीवन की सरलता और सौंदर्य की सहज परख होती है। संत कबीर के दर्शन में समाज का खंडन नहीं बल्कि मंडन है। उन्होंने जीवन में जो कुछ सीखा समाज से सीखा और जो सिखाया वह समाज को सिखाया। कबीर ने समाज का बृहद्‌ स्वरूप प्रस्तुत किया है। संत समाज ही उनकी दृष्टि में आदर्श समाज है क्योंकि संत का संतत्व उसके जीवन के व्यावहारिक और आध्यात्मिक दोनों ही पक्षों पर निर्भर करता है। संत जीवन की पहली कसौटी उसका लौकिक व्यवहार और स्वयं सिद्धत्व का गुण है। संत अपनी सदाचारी वृत्तियों से असंत को भी संत बना देता है। इसलिए संतों की महिमा का गुणगान कबीर ने मुक्त कंठ से किया है। (कबीर ग्रंथावली पेज ३८, ३९ साखी २ व ४)

संत और वैष्णव की कबीर दास ने सदा ही प्रशंसा की है। वैष्णव और संत दोनों ही सदाचारी हैं। सदाचार ही भक्ति की भूमिका है और भक्ति सदाचार को रंजक बनाती है। संत कबीर एक ऐसे समाज में विश्वास रखते हैं, जहां धर्मगत, संस्कारगत, व्यवसायगत और अर्थगत किसी प्रकार का विषम भाव नहीं। वे भेदभावना से ऊपर उठकर सबको समत्व की दृष्टि से देखते हैं। वे तो व्यक्ति की अंतर्निहित एकता में विश्वास रखते हैं। कबीर के उस वर्गहीन समाज में ब्राह्‌मण और शूद्र, हिंदू और मुसलमान में कोई जातिगत व धर्मगत भेद नहीं। जाति, धर्म, वर्गगत भेदभावना अनुदार और मानवता विरोधी है, छुआछूत एक भ्रम है। सामाजिक विषमता को दूर करने के लिए संत कबीर ने छद्‌मवेश और पाखंडों की निंदा की, मिथ्याचारों पर अदम्य प्रहार किया, कुप्रथाओं की भर्त्सना की, निर्धन के शोषण से उपार्जित धन के बल पर विलासमय जीवन व्यतीत करने वाले पूंजीपतियों के आगे कनक और कामिनी की असारता सिद्ध की। समाज में व्याप्त आर्थिक विषमता को मिटाने के लिए उन्होंने संचय की मनोवृत्ति पर कुठाराघात करते हुए कहा है कि लक्षाधीश को भी अंत समय खाली हाथ जाते देखा है। संचय की यह प्रवृत्ति चिंता का कारण है और समाज में अशांति एवं विषमता फैलाती है।

संत कबीर ने सत्य, क्षमा, दया, त्याग, विश्वबंधुत्व, विनय, समता, समदृष्टि, करनी और कथनी में एकता, संतोष, दीनता आदि के द्वारा समाज को उन्नत बनाने का प्रयत्न किया। सत्य आचरण, मानव प्रेम को प्रोत्साहित करता है, क्षमा व्यक्ति को उदार और महान बनाती है, दया धर्म का मूल है, त्याग संतोष का जनक है, विश्वबंधुत्व से भेदभावना मिटती है। संत कबीर कहते हैं कि विनय से अहंकार मिटता है और समता से विषमता का नाश होता है, कथनी और करनी की एकता से जीवन संतुलित होता है, संतोष से शांति मिलती है और दीनता से मन विकारहीन होता है।

लोक धर्म : आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी ने कबीर की लोक धार्मिता का अत्यंत सूक्ष्मतापूर्वक संधान करते हुए संतों को लोक धर्म का बड़ा समर्थक माना है। वास्तविकता यह है कि कबीर आजन्म अपने व्यवसाय से इतने अधिक जुड़े रहे कि उनको भिक्षावृत्ति और परमुखोपजीविता से घोर घृणा होने लगी। 'आवाध राम सबै करम करिहूं' कहने वाला कबीर सामाजिक आबद्धता अथवा लोक आबद्धता को स्वीकार न करता हो, यह बात कुछ समझ में नहीं आती।

कबीर की धर्म-विषयक धारणा संकीर्णता से अछूती, व्यापक और उदार है। उनका सहज लोकधर्म स्वानुभूति पर आधारित है। भ्रम में भटकते हुए समाज को अंधविश्वासों, पाखंडों, रूढ़ियों, कोरे दार्शनिकवाद-विवादों की व्यर्थता सिद्ध करके कबीर एक ऐसे सहज धर्म को अपनाने का उपदेश देते हैं, जिसका आधार आंतरिक शुचिता, विचारों की पवित्रता, आचरण की सात्विकता है जिसमें दया, प्रेम, सेवाभाव, अहिंसा, सत्य और औदार्य गुण विमान है।

कबीर का मूलमंत्र 'मानवतावाद' है। उन्होंने जीवन पर्यंत अपनी विचारधारा को मानवतावादी दृष्टि से समलंकृत करने का प्रयास किया। उनका यह मानवतावाद मनुष्य जाति तक सीमित न रहकर पशु-पक्षी, जीव-जंतु तथा वनस्पति जगत तक प्रसारित है। युग-प्रवर्तक रामानंद से प्रेरित एवं अनुप्राणित होकर संत कबीर ने जाति-पांति की भेद भावना से ऊपर उठ 'हरि को भजै सो हरि का होई' का उद्‌घोष कर समस्त मानव जाति को समता के धरातल पर प्रतिष्ठित करने का प्रयास किया। इसी मानवीय एकता के प्रतिष्ठापन के लिए उन्होंने आध्यात्मिक क्षेत्र में एक ऐसे निर्गुण ब्रह्‌म की स्थापना की जो सभी वर्ग और जाति को स्वीकार हो। उनका वह ब्रह्‌म सभी का सृजनहार है। वह सभी में और सब उसी में वास करते हैं। जब 'हरि में ही पिंड और पिंड में हरि' विमान है तो मानव मानव में ऊंच-नीच की भेद भावना को स्थान कहां?

आदर्श ब्रहमचारी, अतुल पराक्रमी थे श्री परशुराम

श्री परशुराम भगवान् विष्णु के अंशावतार थे। धर्मग्रंथों में लिखा है श्री परशुराम का आर्विभाव वेंशाख मास के शुक्लपक्ष की तृतीया तिथि के प्रदोषकाल में जिला इंदौर की तहसील महू के गाँव जम्दाग्नेश्वर में हुआ था। इनके प्राकव्य के समय छः ग्रह अपनी राशी अथवा उच्चा स्थिति में थे। दार्शनिक दृष्टि से ये तेज (अग्नि) तत्व के घनीभूत स्वरुप हैं।

इनके क्रोध से बड़े-बड़े राजा-महाराजा भी कांपते थे। इन्होने कठोर तपस्य से भगवान् शंकर को प्रसन्न करके उनके अमोघ परशु को प्राप्त किया और इसे धारण करने के कारण ही राम से परशुराम कहलाए।

श्री परशुराम के पिता महर्षि जमदग्नि तथा माता रेणुका थीं। जमदग्नि पुत्र होने से उन्होंने 'जामदग्न' भी कहा गया। कहते हैं कि पुत्रोत्पत्ति के लिये रेणुका तथा विश्वामित्र की माता को प्रसाद मिला था, किन्तु देववश प्रसाद दोनों माताओं के बीच बदल गया। इसके फलस्वरूप रेणुका के पुत्र परशुराम जी ब्रह्मण होते हुए भी क्षत्रीय गुण सम्पन्न हो गए। इससे वे स्वभाव से उग्र तथा महान योद्धा बन गए, जबकि विश्वामित्र क्षत्रिय कुल में जन्म लेकर भी ब्रह्मर्षि हो गए। परशुराम में ब्राह्मण और क्षत्रिय तेज का अपूर्व समन्वय मिलता है।

परशुराम जी अपने पिता के बड़े आज्ञाकारी थे। एक बार इनके पिता ने अपनी पत्नी से रूष्ट होकर अपने पुत्र को रेणुका का वध करने का आदेश दिया। पिता की आज्ञा को मानकर परशुराम ने अपनी पत्नी का सिर काट लिया। पिता ने प्रसन्न होकर जब इनसे वर माँगने को कहा, तो परशुराम ने अपनी माता को पुनः जीवित करने का वरदान माँगा। महर्षि के प्रताप से रेणुका जीवित हो गई।

परशुराम आदर्श ब्रह्मचारी होने से अतुल पराक्रम और उत्साह के मूर्तिमान स्वरुप हैं। भीष्म पितामह एवं कर्ण को धनुर्विद्या इन्होने ही सिखाई थी। सीता स्वयंवर में अपने गुरू शिव के धनुष को भगवान् श्री रामचंद्र द्वारा तोड़े जने पर ये महाराजा जनक के दरबार में पहुंचे। पहले तो श्री राम पर क्रोधित हुए, लेकिन बाद में इनका क्रोध शांत हो गया। भगवान् परशुराम के प्रति लोगों की अनन्य आस्था है। उनका तेज अतुलित था। उन्होंने यज्ञ और आदर्श आचार परम्परा के निर्वाह का नया सिद्धांत दिया।

श्री परशुराम से सम्बंधित तीर्थ
परशुराम कुंड यह अरूणाचल प्रदेश में है। कहते हैं कि यहाँ पर जिस जगह भगवान् परशुराम ने परशु मारा था, वहां से जल निकल आया। यहाँ स्नान करने से व्यक्ति ब्रह्म ह्त्या से छूट जाता है।
परशुराम आश्रम बलिया में भृगुक्षेत्र के पंचकोशी मार्ग में परसिया ग्राम हैं, वहां सरयू नदी के किनारे मनियार ग्राम में भगवान् परशुराम का आश्रम हैं। यहाँ के एक वृक्ष के नीचे उन्होंने तपस्या की थी।
परशुराम मन्दिर रुनकता मथुरा से 10 किमी पर रुनकता है। यहाँ महर्षि जमदग्नि का आश्रम था। ऊंचे पहाड़ पर माता रेणुका तथा जमदग्नि का मन्दिर है। नीचे परशुराम जी का मन्दिर है, जहाँ परशुराम जयन्ती पर मेला लगता है।
खाटी कपूरथला के फगवाड़ा से पांच किमी दूर भगवान् परशुराम मन्दिर है। इसे जमदग्नि का तापोस्थान कहा जाता है। गाँव में ब्राह्मणों का एक भी घर नहीं होने से मन्दिर की सेवा सिख समुदाय के लोग करते हैं। उन्होंने ही सड़क पर परशुराम गेटका भी बनवाया है।
रकासन राहों से 10 किमी दूर रेनुका का मन्दिर है। इसके साथ भगवान् परशुराम का टोबा भी है।

रिश्तों को बचाएं उलझने से

ईषा पढी-लिखी समझदार कामकाजी स्त्री थी। मुकुल भी आदर्श पति था। लेकिन जब भी परिवार के सभी लोग एक-साथ होते, ईषा के लिए वातावरण सुखद नहीं रहता। आशा के विपरीत मुकुल अपने घरवालों के साथ मिलकर ईषा का उपहास करने का एक भी मौका हाथ से न जाने देता। कब तक वह इसे मजाक समझ कर अनदेखा व अनसुना करती। उसका तनाव दिन-प्रतिदिन बढता जा रहा था। ईषा अपवाद नहीं उसके जैसी अनेक पत्नियां हैं जो इन्हीं छोटी-छोटी बातों से बेवजह आहत होती रहती हैं। कई बार ये छोटी-छोटी शिकायतें इतनी बडी हो जाती हैं कि रिश्ते खोखले लगने लगते हैं। छोटे-छोटे मतभेद बडी तकरार या अहं के टकराव का कारण बन जाते हैं। यह जरूरी है कि इन उलझनों के पीछे छिपे कारणों को जाना और समझा जाए। आमतौर पर मतभेदों की मुख्य वजहें निम्न होती हैं:
1. साथी की कार्यशैली पर बार-बार टीका-टिप्पणी करना
2. व्यवहार और व्यक्तित्व में कमियां निकालना
3. तनाव के क्षणों में व्यर्थ कुतर्क करके परेशान करना
4.जब सहयोग की उम्मीद हो, तब व्यस्तता का बहाना बनाकर टालना
5. विचारों, व्यवहार और एटीट्यूड पर जबरन नियंत्रण की कोशिश
6. निष्ठा, दृढता और आत्मीयता पर सवाल उठाना
7. परिवार में योगदान को नगण्य मानना

ऐसे बढाएं कदम
अगर आपको अपने साथ ऐसा महसूस हो रहा है तो सचेत हो जाएं। समस्याएं उग्र रूप लें इससे पहले आपको इनके समाधान की दिशा में प्रयास शुरू कर देने चाहिए। हालांकि इसमें कोशिशें दोतरफा होनी जरूरी हैं। परंतु सामने वाले की ओर से पहल का इंतजार इतना भी न करें कि देर हो जाए। साथ ही यह भी ध्यान रखें कि संबंधों को जीत-हार की भावना से लडकर बेहतर नहीं बनाया जा सकता। इन्हें बेहतर सिर्फ एक-दूसरे को समझकर ही बनाया जा सकता है। इसलिए इस दिशा में कदम बढाने से पहले अपने और अपने साथी के स्वभाव, उसकी आदतों और जरूरतों को भी समझने की कोशिश करें। साथ ही यह भी मानकर चलें कि दुनिया में कोई भी इंसान पूर्ण नहीं होता। कमियां आपमें भी हो सकती है और अपनी कमियों को स्वीकारना कोई हार नहीं है। बातचीत के दौरान अगर कहीं आपको लगता है कि गलती आपकी है तो उसे स्वीकारने में संकोच न करें।
इससे बेहतर परिणाम तो मिलेंगे ही, दोनों अपने को जीता हुआ महसूस करेंगे।

मतभेद सुलझाने के तरीके
अपनी भावनाओं को प्रकट करें। नम्र बनें, लेकिन दृढता व आत्मसम्मान कायम रखें। बिना उत्तेजित हुए खुद को सही साबित करने की कोशिश करें। शांत, उदार व समझदार बनें। गुस्से से कभी जीता नहीं जा सकता। अगर आप अपनी भावनाओं पर नियंत्रण और भाषा पर काबू रखें तो ऐसे विवाद सुलझाने में सफलता की संभावना बढ जाती है। दोषारोपण के खेल से बाहर निकलिए। दूसरे की गलतियां निकालने से केवल आग में घी डालने का काम होता है। इसलिए सामने वाले की पूरी बात सुनने व समझने की कोशिश करें। कई बार ऐसा करने पर आप समझ पाएंगी कि सामने वाला सही था और कहीं आपसे भी चूक हुई है।
एक-दूसरे की भावनाओं का आदर करें। दूसरे के प्रति आदर भाव एक सकारात्मक रवैया है, जो दुश्मन को भी अपना बना देता है। जब भी कभी मतभेदों के बीच आदर का भाव दिखता है, संबंधों के बीच तनाव कम होने लगता है। अपनी शिकायतों और इछाओं के बारे में स्पष्ट रहिए। भावनात्मक सहारे के लिए निरर्थक आरोप मत लगाइए। अपने विचारों की दिशा सही रखिए। अव्यावहारिक निर्णयों में कूदने की भूल न करें। पुराने घावों को भरने की कोशिश करिए न कि नए घावों को और बढाने का प्रयास करें। अनादर से दूरियां और बढती हैं। समझौते की ओर कदम बढाइए। यदि आपको लग रहा है कि आपके आसपास के लोग केवल आपकी गलतियों को ही इंगित कर रहे हैं या निष्पक्ष फैसला नहीं कर रहे तो आप किसी अन्य व्यक्ति को माध्यम बना अपनी बात रख सकती हैं।
ये संबंध दीर्घ और सुखद हों, यह हमेशा याद रखें। माफ करना सीखें- यह भूलने से भी कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है।

भावनाओं पर नियंत्रण
मैरिज कांउसलर डॉ.अनु गोयल कहती हैं कि मतभेद ऐसे अवरोधक हैं जो हर किसी के रास्ते में कभी न कभी किसी न किसी रूप में जरूर सामने आते हैं। यह महत्वपूर्ण है कि आप इनसे दूर रहने व इनका हल निकालने की कोशिश करें न कि इन्हें बढाने या आग में घी डालने का। ख्ाुशी का वातावरण बनाए रखने की कोशिश करें। ऐसे अपवाद कम ही देखने को मिलेंगे जब कोई मतभेदों के बीच शांति न चाहता हो। कई बार इनसे बचने के लिए माफ करना ही एकमात्र हल होता है। यही रास्ता है जो तमाम तकरारों और मतभेदों के बाद भी आपको खुशी प्रदान कर सकता है। पर यह सब तभी संभव है जब पहले आप अपने डर, असुरक्षा और कमजोरियों पर विजय प्राप्त कर चुकी हों। अन्यथा यह तेरा वो मेरा, यह गलत वह सही, तुम ऐसे मैं वैसी जैसे विचार मतभेदों को ही जन्म देते हैं। ऐसे में सबसे प्रभावी हल है, माफ करना या भूल जाना। यह सामान्य राय है कि आपको बहुत सी हिम्मत, विश्वास और प्रयास चाहिए अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखने के लिए। लेकिन ऐसा हर समय नहीं होता। यह ठीक है कि इमोशंस पर नियंत्रण के लिए आपको हिम्मत जुटानी पडती है और विशेष प्रयास भी करने पडते हैं, लेकिन इससे ज्यादा हिम्मत जुटानी पडती है इन सबको सहने के लिए। कडवाहट को भुलाने में ही समझदारी है। बेहतर संबंधों के लिए कोशिशें हमेशा जारी रखें। इस बीच अपने को समय देना न भूलें। मन शांत व सुखी होने पर ही आप सही दिशा में सोच पाएंगी।

दोस्ती या रिश्तेदारी किसका पलड़ा भारी

ईगो से दूर रखें दोस्ती को
मधुश्री, गायिका
पारिवारिक संबंध के नाम पर मेरे जीवन में अब सिर्फ मेरी मम्मी और बहनें हैं, जो मुझे जी-जान से ज्यादा प्यार करती हैं। मैंने गायन के क्षेत्र में अपना करियर बनाने के लिए वर्षो पहले अपना शहर कोलकाता छोड दिया था। उसके बाद से रिश्तेदारों से मेरा संपर्क टूट सा गया। इसलिए मेरी जिंदगी में शुरू से ही दोस्तों की बहुत खास जगह रही है। मेरे स्कूल के दिनों की एक सहेली का नाम राखी है, उससे आज भी हमारी दोस्ती कायम है। इसी तरह मेरे कॉलेज के दिनों के दोस्त शुभ्रो से मेरी इतनी सच्ची दोस्ती है। आज भी जरूरत पडने पर हम एक-दूसरे की मदद को तैयार रहते हैं। मेरा मानना है कि दोस्ती ही एक ऐसा रिश्ता है, जो सामाजिक बंधनों की सभी सीमाओं से परे है। अपने दोस्तों से मेरा बेहद बेतकल्लुफी का रिश्ता है। कभी-कभी हमारे बीच लडाई भी हो जाती है। लेकिन थोडी ही देर के भीतर हम ऐसे हंसने-बोलने लगते हैं जैसे हमारे बीच कभी कोई झगडा हुआ ही नहीं। मेरा मानना है कि दोस्ती में ईगो का टकराव नहीं होना चाहिए। अगर मेरा कोई खास दोस्त मुझसे नाराज होता है तो मैं इस बात का इंतजार नहीं करती कि पहले वह सॉरी बोले। जैसे ही मुझे इस बात का एहसास होता है कि मुझसे गलती हुई है, तो मैं तुरंत सॉरी बोल देती हूं।

जरूरी है विचारों का मिलना
शिखा शर्मा, डायटीशियन
मेरे लिए यह बात ज्यादा महत्वपूर्ण है कि कोई व्यक्ति कैसा है? चाहे वह दोस्त हो या रिश्तेदार, इससे मुझे कोई फर्क नहीं पडता। जिससे मेरे विचार मिलते हों, उससे बातें करना मुझे बहुत अच्छा लगता है। मेरी एक खास सहेली है रेवा चोपडा, जो नर्सरी से बारहवीं तक मेरे साथ पढी है। अब वह साइंटिस्ट बन चुकी है और अमेरिका में रहती है, लेकिन उससे आज भी मेरी दोस्ती कायम है। यह बात सच है कि रिश्तेदारों की तुलना में दोस्त हमारे दिल के ज्यादा करीब होते हैं, क्योंकि दोस्ती में हम सहज होते हैं और रिश्तेदारों की तरह दोस्त हर बात पर शिकायत नहीं करते। अगर किसी से मेरी सच्ची दोस्ती है तो वर्षो बाद भी हम पहले जैसी गर्मजोशी से मिलते हैं। लेकिन रिश्तेदारी निभाने के लिए काफी मेहनत करनी पडती है। चाहे वह मेरा रिश्तेदार या दोस्त कोई भी हो, मतभेद होने पर अगर मुझे अपनी गलती महसूस होती है तो मैं बिना देर किए माफी मांग लेती हूं। अकसर लोग अपने करीबी संबंधों को गंभीरता से नहीं लेते। मैं इसे बहुत गलत मानती हूं किजो लोग हमेशा हमारे साथ रहते हैं, उन्हें हम सॉरी, थैंक्यू बोलने या उनके किसी अच्छे काम की प्रशंसा करने की जरूरत नहीं समझते। जबकि इन छोटे-छोटे शब्दों से रिश्ते और भी प्रगाढ हो जाते हैं।

बहुत खास जगह है दोस्तों की
मैत्रेयी पुष्पा, साहित्यकार
मेरे लिए तो दोस्त ही सब कुछ हैं। मुझे अपने दोस्त इसलिए अच्छे लगते हैं क्योंकि दोस्त हम अपनी मर्जी से चुनते हैं, जबकि रिश्तेदार हमारे लिए पहले से ही तय होते हैं, उन्हें बदल पाना संभव नहीं है। रिश्तेदारी में अगर कोई व्यक्ति हमें नापसंद हो तब भी मजबूरी में उससे संबंध निभाना ही पडता है। जबकि दोस्ती में ऐसी कोई मजबूरी नहीं होती। हम अपने दिल की जो बातें माता-पिता या भाई-बहनों से नहीं कह पाते वे सारी बातें दोस्तों से कहते हैं। जहां तक मेरे दोस्तों का सवाल है तो बचपन से अब तक कई लोगों से मेरी बहुत अच्छी दोस्ती हुई और आज भी पुरानी सहेलियों से संपर्क बना हुआ है। मेरी बचपन की सहेली कांति भोपाल में रहती है। आज भी जब मैं भोपाल जाती हूं तो उससे जरूर मिलती हूं। निर्मला राजे मेरे कॉलेज के दिनों की घनिष्ठ सहेली हैं, जिनसे अब भी मिलना-जुलना होता रहता है। इसके अलावा साहित्यिक जगत में राजेंद्र यादव मेरे बहुत अच्छे मित्र हैं, जिन्होंने हमेशा मेरा मार्गदर्शन किया है। हालांकि भारतीय समाज में आज भी स्त्री और पुरुष की मित्रता को लोग शक की निगाहों से देखते हैं, लेकिन मुझे इन बातों से कोई फर्क नहीं पडता। मेरा मानना है कि संकट की घडी में दोस्त ही आपके काम आते हैं। रिश्तेदार और जाति-बिरादरी के लोग मदद करने के बजाय अकसर मुश्किलें बढा देते हैं।

दोनों की है अहमियत
अंशु पाठक, इंटीरियर डिजाइनर
मेरा मानना है कि किसी भी इंसान के सामाजिक जीवन में रिश्तेदारों और दोस्तों की समान अहमियत होती है। दोनों में से किसी को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। मुझे ऐसा लगता है कि स्त्रियों के जीवन में रिश्तेदारों का स्थान ज्यादा महत्वपूर्ण होता है क्योंकि किसी लडकी की शादी एक व्यक्ति से नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार से होती है। इसलिए शादी के बाद पति के रिश्तेदारों से बेहतर संबंध बनाए रखने की जिम्मेदारी पत्नी की ही मानी जाती है। हालांकि मुझे ऐसा लगता है कि दोस्ती की तुलना में रिश्तेदारी निभाना ज्यादा मुश्किल है, क्योंकि रिश्तेदारी में अपेक्षाएं अधिक होती हैं। इसके अलावा रिश्तेदार दूसरों से आपकी बुराइयां करने से भी बाज नहीं आते। फिर हमें सामाजिक संबंधों को बेहतर बनाने के लिए संतुलन बनाकर चलना पडता है। आज की दिनचर्या इतनी व्यस्त है कि लोगों के पास एक-दूसरे से मिलने-जुलने का समय नहीं होता। लेकिन ई मेल और एसएमएस जैसी आधुनिक तकनीकों के कारण अब समय के अभाव में भी दूर बैठे दोस्तों और रिश्तेदारों से संपर्क कायम रखना आसान हो गया है।

गहरा होता है खून का रिश्ता
रानी खानम, कथक नृत्यांगना
वैसे, तो हर संबंध की अपनी अलग गरिमा और अहमियत होती है। हमारे लिए दोस्त और रिश्तेदार दोनों ही जरूरी हैं। लेकिन मुझे ऐसा महसूस होता है कि खून का रिश्ता बहुत गहरा होता है। कई बार रिश्तेदार भी बहुत अच्छे दोस्त साबित होते हैं। रिश्तेदार हमारे पारिवारिक जीवन से संबंधित होते हैं। भले ही उनके साथ लंबे अरसे से हमारा मिलना-जुलना न हो, फिर भी जब कभी उनसे हमारी मुलाकात होती है तो हम उनके साथ अलग ही तरह का जुडाव महसूस करते हैं। उनसे जुडी सारी पुरानी यादें फिर से ताजा हो उठती हैं। मेरा मानना है कि चाहे दोस्ती हो या रिश्तेदारी, किसी भी इंसान को अपने संबंधों का निर्वाह बहुत ईमानदारी से करना चाहिए। जिंदगी में दोनों रिश्ते होने बहुत जरूरी हैं। कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जो रिश्तेदारों के बिना अपना पूरा जीवन गुजार देते हैं लेकिन उन्हें यह नहीं मालूम होता कि वह जीवन की ढेर सारी खुशियों से वंचित रह गए। दोस्तों की भी हमारी जिंदगी में खास जगह होती है क्योंकि उनके साथ हमारा बेहद बेतकल्लुफी भरा रिश्ता होता है। जहां तक मेरी जिंदगी का सवाल है तो मेरी दोनों बडी बहनों शमशाद और शहनाज से मेरा बेहद दोस्ताना रिश्ता है और हर जरूरत पर वे हमेशा मेरी मदद के लिए हाजिर होती हैं।

08 मई 2011

कैसे बढ़ाए मित्रता

लोगों को जानें
सबसे पहले लागों को जाने। नए लोगों को पहचानें। उनका स्वभाव कैसा है, क्या पसंद है, क्या नहीं। उनके विचार आपसे कितने मिलते हैं, यह सब जानें। बाहर कितने लोग ऐसे हैं, जो आपको जानते हैं, आपसे पहचान बढाना चाहते हैं और आपको पसंद करते हैं, यह जानें। वेबसाइट पर सोशल नेटवर्किंग जॉइन करें। सोशल एक्टिविटी या क्लब में जाएं। नए-नए लोगों से मिलें। उन्हें जानने की कोशिश करें। क्या पता उस भीड में कोई आपका दोस्त बन जाए। जो आपको समझ सके और जिसे आप समझ सकें।

अच्छे श्रोता बनें
कई बार बोलने से भला सुनना होता है। अच्छे संबंध बनाने के लिए अच्छा श्रोता होना जरूरी है। एक अच्छा श्रोता दूसरे के जीवन के बारे में गहराई से जान सकता है। दूसरों के जीवन में रुचि दिखा सकता है। कितनी बार ऐसा होता कि आप दूसरे की बात समझ पाते हैं? दूसरे की बात को ध्यान से सुनते हैं? दूसरे को सुनना, समझना और भावनाओं को महसूस करना कम ही लोग कर पाते हैं। अगर आप यह गुण विकसित कर लें तो आपसे अच्छे किसी के भी संबंध नहीं हो सकते। अगर आप दूसरे की बात ध्यान से सुनते हैं तो आप सच्चे मन से अपनी भावनाओं को उसके प्रति व्यक्त कर सकते हैं।

जो हैं वही नजर आएं
अगर आप दिखावा करते हैं, यानी जो आप नहींहै, वह बनने की कोशिश करेंगे तो कभी खुश नहीं रह पाएंगे। नए संबंध बनाने और पुराने संबंध से बाहर निकलने का सबसे बढिया फार्मूला है, जो आप हैं वही रहें। किसी के साथ छल या दिखावा न करें। जिस दिन आप खुद के बारे में सच-सच बताना सीख लेंगे उस दिन आप हर संबंध में सफल हो जाएंगे। क्या आप किसी मूवी को देखने के लिए इसलिए राजी होते हैं, क्योंकि आपका दोस्त उसे देखना चाहता है? या फिर वास्तव में आपको भी फिल्म देखने में रुचि है? कुछ काम दूसरों की खुशी के लिए भी करने चाहिए यह बात सच है, लेकिन खुद को सच साबित करना भी अहम है। अगर आपको मूवी देखना पसंद नहींतो यह बताने में हिचक न महसूस करें कि आप अपने दोस्त की पसंद के खातिर फिल्म देखने के लिए राजी हुए हैं।

जरूरी है आत्मविश्वास
पूरे आत्मविश्वास के साथ दूसरों के कॉम्पि्लमेंट को स्वीकारें और धन्यवाद दें। जब दूसरों से मिलें और बात करें तो आंख से आंख मिलाकर बात करें। इससे आपका आत्मविश्वास झलकता है।
साथ ही यह भी पता चलता है कि आपकी बातों में कितनी सच्चाई है। आप दूसरे की बात में कितनी रुचि ले रहे हैं। जो करना चाहते हैं, उसे आत्मविश्वास के साथ पूरा करें। यही बात दूसरे भी पसंद करते हैं। इस तरह आपके संबंधों का दायरा बढता जाएगा। जब दूसरे आपके बारे में जानने लगेंगे तो वे आप में रुचि भी लेंगे।

बिना सोचे-समझे रिश्ते न बनाएं
आप अकेलेपन से बोर हो चुके हैं? क्या आप बॉयफ्रेंड या गर्लफ्रेंड बनाना चाहते हैं? या फिर आप किसी ऐसी गर्ल फ्रेंड के इंतजार में हैं, जिसे अपनी बाइक में पीछे बैठाना चाहते हैं? खुद से पूछें कि आप किसी से संबंध या रिश्ते क्यों बनाना चाहते हैं? उस रिश्ते में क्या खोजना चाहते हैं? उस रिश्ते से क्या हासिल करना चाहते हैं? क्या आप संबंध बनाने के लिए तैयार हैं? इन बातों पर विचार करने के बाद ही किसी से संबंध जोडने में ही समझदारी है। आप अकेले हैं और बस दोस्ती या संबंध बनाना चाहते हैं, इस चक्कर में बिना सोचे-समझे संबंध न बनाएं।

नई जगह खोजें
नए लोगों से मिलने के लिए नई जगह खोजें। शॉपिंग मॉल, म्यूजियम, बुक क्लब, हेल्थ क्लब या जिम जाएं। सोशल क्लब जॉइन करें, जहां आप दूसरों को जान सके मिल सकें और उनके शौक को जान सकें। किसी आमंत्रण को टालें नहीं जरूर जाएं। सामाजिक दायरा बढाने से नए-नए लोगों से परिचय होगा और आपकी मित्रता भी बढेगी। योग क्लासेज जाएं, वहां लोगों से मिलें-जुलें।

अच्छे दिखें, अच्छा महसूस करें
सौंदर्य हर किसी को आकर्षित करता है। इसलिए खुद से प्यार करें और अच्छा महसूस करें। अच्छे और स्मार्ट बनने की कोशिश करें। आपको स्वत: ही खुशी महसूस होगी। अगर आपका वजन अधिक है तो उसे संतुलित करने की कोशिश करें। अपने चेहरे पर सूट करने वाला नया हेयरकट लें। 

पार्लर जाएं और ग्रूमिंग क्लासेज लें। कपडों का अच्छा कलेक्शन पसंद करें और जो आप पर अच्छा लगे पहनें। एक कंप्लीट मेकओवर कराएं। अच्छी चीज से सभी लोग प्रभावित होते हैं। खुद में अच्छा महसूस करने पर आपमें आत्मविश्वास भी झलकने लगेगा। मदर टेरेसा ने ठीक ही कहा था कि एक-दूसरे के लिए मुस्कराएं। अपनी पत्नी के लिए मुस्कराएं, अपने पति के लिए मुस्कराएं, अपने बच्चे के लिए मुस्कराएं। यह न देखें कि वह कौन है, बस मुस्कुराती रहें, फिर देखें कि आपके चाहने वालों की कतार खडी जाएगी। दूसरों से बहुत अपेक्षाएं न रखें, बस खुद से कोइ गलती न होने पाए, इस बात का पूरा खयाल रखें।

छल, कपट के बिना आप दूसरों की मदद करें, सम्मान करें और मुस्कराएं, आपके संबंध प्रगाढ होते जाएंगे।